हत्या का खुलासा करते एसपी राजेशकृष्ण।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। वृद्धा की हुई हत्या की घटना का खुलासा कर किया गया। लूटपाट के दौरान वृद्धा के पहचान लेने के कारण ही हत्या की गई थी। एसपी ने वार्ता के दौरान बताया कि आरोपी से वृद्धा के जेवर बरामद कर लिए गए हैं।
कायमगंज कोतवाली के गंाव दत्तू नगला निवासी सूबेदार की पत्नी अनारकली (62) खेत से घास लेने के लिए 29 जुलाई को गई थी। जब वह वापस नहीं लौटी तो वृद्धा की खोजबीन की गई।
दूसरे दिन 30 जुलाई को वृद्धा के बेटे भगवान सिंह ने कोतवाली में लापता होने की सूचना दी। 31 जुलाई को सुबह वृद्धा का शव गांव सुभानपुर निवासी कमाल खां के बाग में मिला था। महिला के बेटे भगवान सिंह ने गांव सुभानपुर निवासी दिलशाद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
घटना के बाद पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना को अंजाम देने वाला आरोपी कायमगंज रेलवे स्टेशन अलीगंज रोड पर कही जाने की फिराक में हैं।
इस सूचना पर कोतवाल अजीत सिंह ने फोर्स के साथ छापा मारा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी ने हत्या की घटना कबूल कर ली। एसपी राजेश कृष्ण ने रविवार को वार्ता के दौरान बताया कि पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम मिथुन दुबे पुत्र ब्रजनंदन निवासी दत्तू नगला बताया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि महिला जेवर पहने हुई थी। जेवरों को देखकर उसके मन में लालच आ गया। इस दौरान उसने महिला के कुंडल छीनी तो वृद्धा ने उसे पहचान लेने के साथ ही उसकी शिकायत करने की धमकी दी।
इसी को लेकर उसने दराती से उसकी हत्या कर दी। आरोपी उसके जेवर निकाल ले गया। एसपी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही से हत्या में प्रयुक्त दराती और जेवर बरामद कर लिए गए। आरोपी ने वाली को कायमगंज के एक सुनार को 2800 सौ रुपये में बेच दिया था।