थाना क्षेत्र के मोहल्ला बगिया में रविवार रात को बंद पड़े दो मकानों से चोरों ने नगदी, जेवर समेत लाखों का माल पार कर दिया। एक घटना को संदिग्ध बता कर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मोहल्ला बगिया निवासी आकिल खान दो-तीन दिन पहले किसी काम से बाहर गया था। उसकी पत्नी खुशनारा रविवार को घर में ताला डालकर अपने मायके निजामुद्दीनपुर चली गई थी। रात में मुख्यगेट का ताला तोड़ कर चोर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखी नगदी, जेवर अन्य सामान पार कर दिया।
सुबह आकिल के साले ने थाने में दी तहरीर में बताया कि चोर ढाई लाख रुपये नकद, झुमकी, पायलें चोरी कर ले गए।
इसके बाद चोरों ने मोहल्ले के ही आदिल खान के घर को निशाना बनाया। आदिल खान के मकान में लूला उर्फ कमरुद्दीन किराए पर रहते हैं, जबकि आदिल खान दूसरे मकान में रहता है।
किराएदार लूला उर्फ कमरुद्दीन मकान में ताला डालकर ससुराल बदायूं चला गया था। चोरों ने रात में मकान का ताला तोड़ा और लूला के कमरे में रखा बक्सा पार कर लिया। लूला ने बताया कि बक्से में 2000 रुपये व कपड़े रखे थे। एसओ ने बताया कि आकिल के यहां की घटना संदिग्ध है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।