घटना की जानकारी देते मुनीम अरविंद।
- फोटो : अमर उजाला
परिवहन निगम की बस में सवार गुप्ता ट्रेडर्स कानपुर के मुनीम से बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े 2.17 लाख रुपयों से भरा थैला लूट लिया। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने बस की खिड़की के पास से दो हवाई फायर भी किए। मुनीम ने दो लोगों के खिलाफ नामदर्ज तहरीर दी है।
अरविंद पुत्र हरिश्चंद्र निवासी 37/48 सिविल बाजार शिवाला रोड कानपुर ने थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि वह अंकुर गुप्ता की मूलगंज स्थित दुकान गुप्ता ट्रेडर्स पर मुनीम के रूप में कार्यरत है और पैसे की वसूली का काम करता है। सोमवार को वह छिबरामऊ से पैसा वसूलने के बाद बेवर पहुंचा। वहां अजहर अली पुत्र हिदायत अली की दुकान से 45250 रुपये वसूले।
दोपहर बाद लगभग 3.30 बजे परिवहन निगम की बस संख्या यूपी76 के/3550 से मोहम्मदाबाद जा रहा था। उसके पीछे बस में दिनेश कुमार साध निवासी नगला खुमान बेवर और सचिन मिश्र निवासी छबलिया थाना एलाऊ जनपद मैनपुरी बैठे थे। बस जैसे ही संतोषपुर के सामने पहुंची और रुकी। उसी समय दिनेश साध ने उन्हें पकड़ लिया और झोला छीनकर सचिन को दे दिया। इसी दौरान वहां काले रंग की पल्सर लेकर एक युवक आया और यह तीनों उस पर सवार होकर बेवर की ओर भाग गए।
तहरीर में अरविंद ने कहा है कि उसके बैग में 2.17 लाख रुपये थे। पुलिस ने अरविंद की तहरीर पर छानबीन शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने थाना मोहम्मदाबाद पहुंचकर पूछतांछ की। प्रभारी कोतवाल भीम सिंह जावला ने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच लूट के शिकार हुए अरविंद गुप्ता को थाने ले जाकर लुटेरों के फोटो दिखाए। थाना प्रभारी का कहना है कि अरविंद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।