कायमगंज नगर के लालकुआं रोड स्थित व्यापारी नेता की सराफ दुकान का चोरों ने शटर उचकाकर नगदी समेत लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए। देर रात गश्त पर निकाली पुलिस ने व्यापारी नेता को चोरी की जानकारी दी।
नगर के मोहल्ला चिलौली पठान निवासी व्यापार मंडल कंछल गुट के जिला उपाध्यक्ष रतन सक्सेना ने कुछ माह पूर्व लालकुआं रोड के निकट सराफ की दुकान खोली है। इस पर उनके पुत्र अर्पन सक्सेना बैठते हैं। शुक्रवार रात चोर दुकान का शटर उचकाकर अंदर घुस गए। दुकान में रखी तिजोरी के लॉक तोड़ दिए। तिजोरी व काउंटर की दराज में रखे जेवर व नगदी चोरी कर ली। करीब ढाई बजे गश्ती पुलिस वहां से गुजरी। पुलिस ने दुकान का शटर उचका देखा तो बोर्ड पर लिखे नंबर पर फोन किया। इस पर रतन सक्सेना मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान के अंदर जाकर देखा तो काउंटर की दराजें व तिजोरी टूटी पड़ी थी। उन्होंने बताया 40 ग्राम सोने के जेवर व साढ़े पांच किलो चांदी के जेवर के अलावा ढाई हजार रुपये चोरी हुए हैं।
मामले की सूचना पर सीओ अखिलेश राय, इंस्पेक्टर जसवंत सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने व्यापारी नेता से पूछताछ की। व्यापारी नेता के यहां हुई चोरी की जानकारी पर जिला महामंत्री मनोज कौशल, नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता पहुंच गए। उन्होंने घटना के जल्द खुलासे की मांग की। जल्द खुलासा न होने पर व्यापारी आंदोलन की चेतावनी दी। व्यापारी नेता रतन सक्सेना ने कोतवाली में तहरीर दी। इंस्पेक्टर जसवंत सिंह ने बताया मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
भटक गया खोजी कुत्ता
कायमगंज। सराफ की दुकान में चोरी के बाद काफी भीड़ जमा हो गई, चहलकदमी भी बढ़ गई हो गई। रोड पर आवागमन भी तेज हो गया। इधर सूचना पर करीब 10 बजे खोजी के कुत्ते के साथ उसके हैंडलर विपिन कुमार व जैवेंद्र तथा फोरेंसिक टीम के संदीप तिवारी पहुंचे। हैंडलर ने दुकान के अंदर कुछ चीजेें खोजी कुत्ते को सुंघाई। कुत्ता कंपिल रोड की ओर कुछ कदम चला। इसके बाद दिशा भ्रमित हो गया। हैंडलर विपिन कुमार ने बताया घटनास्थल पर चहलकदमी होने की वजह से खोजी कुत्ते को दिशा नहीं मिल पाई। फोरेंसिक टीम ने दुकान के अंदर फोटो व नमूने लिए है। तिजोरी पर नंगे पैर का निशान बना हुआ था, जिससे अनुमान लगाया गया कि चोर नंगे पैर था। उसने तिजोरी पर लात मारी होगी। ब्यूरो
टार्च छोड़ गए चोर
कायमगंज। सराफ दुकान में घटना को अंजाम देने के बाद चोर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर रही थी। तभी दुकान के बाहर पुलिस को एक टार्च पड़ी मिली है। अनुमान लगाया है कि भागते समय चोरों की टार्च गिर गई होगी। ब्यूरो