पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ सिपाही
- फोटो : अमर उजाला ब्यूराो
जिले की पुलिस ने फिर एक मुठभेड़ करके तीन शातिर बदमाशों को दबोचने का दावा किया है। अबकी मुठभेड़ कंपिल कोतवाली के महमूदपुर पट्टी सपा गांव में सोमवार तड़के नहर के पास हुई। पकड़े गए तीनों बदमाशों में दो के पैर में पुलिस की गोली लगी है, जबकि एक सिपाही बदमाशों की गोली से घायल हुआ। पुलिस को बदमाशों के पास से एक देसी रिवाल्वर, तमंचा, कारतूस और बाइक मिली है।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 4:30 बजे बरखेड़ा नहर के पास अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। एसओ महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने नवाबगंज एसओ रजनीश चौहान को बुलाया और मौके पर जा पहुंचे। नहर मार्ग पर पेड़ के नीचे अंधेरे में कुछ लोग दिखाई दिए तो एसओ ने टोका। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इससे सिपाही रमेश कुमार के दाहिने कंधे से गोली रगड़ कर निकल गई और वह घायल हो गए।
पुलिस की गोली से बदमाश ललित जाटव निवासी अशा नगला अलीगढ़ और दीपक जाटव निवासी सिकंदराराऊ हाथरस घायल हो गए। खेतों की ओर भाग रहे बदमाश मनोज कुमार निवासी नगला फार्म कायमगंज को पुलिस ने दबोच लिया। बदमाश ललित और दीपक को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि मनोज को पुलिस थाने ले गई। एसओ कंपिल महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि इन बदमाशों के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
चार मुठभेड़, चारों एक जैसी, उठे सवाल
11 जून से अब तक चार मुठभेड़ें हुई हैं। चारों एक जैसी हैं। इन सभी में बदमाशों और सिपाहियों को लगभग एक ही स्थान पर गोली लगने का मामला सामने आया है। सिपाहियों के कंधे के पास और आरोपियों के पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। रविवार को हुई मुठभेड़ मामले में तो डॉक्टर ने सिपाही के गोली लगने की बात को ही खारिज कर दिया। डॉक्टर के अनुसार यह कोई चोट है।