अमर उजाला ब्यूरो
राजेपुर (फर्रुखाबाद)। कुसुमापुर गांव में रविवार रात खाना खाते समय शराब के नशे में हुए विवाद में बड़े भाई ने लाठी भांजी। इसमें छोटे भाई के सीने में चोट लगने से मौत हो गई। दोनों भाइयों में बड़े भाई की मौत के बाद मिले 50 हजार रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पिता से घटना की जानकारी ली। पिता ने छोटे पुत्र की हत्या में मझले पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राजेपुर थाना क्षेत्र के कुसुमापुर गांव निवासी लल्ला बाबू के चार पुत्र थे। सबसे बड़ा पुत्र वेदपाल दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है, उससे छोटा पुत्र दूधिया दिल्ली में शक्तिभोग आटा फैक्ट्री में काम करता था। वर्ष 2017 में फैक्ट्री की छत से गिरकर मौत हो गई थी। फैक्ट्री मालिक ने उसकी मौत पर पिता को 50 हजार रुपये दिए थे। ये रुपये कलियान सिंह के पास रखे थे। इन रुपयों का बंटवारा करने के लिए कलियान और उसके बड़े भाई ओमपाल उर्फ नन्हे में अक्सर विवाद होता था।
रविवार को इन लोगों ने मछली बनाई। ओमपाल उर्फ ननहे व कलियान उर्फ कारे (22) ने घर में शराब पी। इसके बाद मछली खा रहे थे। उसी दौरान पिता भी बाजार से घर आ गए। पिता के सामने नशे की हालत में दोनों भाई खाना खाते समय रुपयों को लेकर आपस में झगड़ा करने लगे। दोनों में मारपीट होने पर ओमपाल उर्फ नन्हे ने लाठी उठाई और छोटे भाई कलियान के सीने में मार दी। इससे वह सीना पकड़ कर बैठ गया। यह देखकर ओमपाल वहां से भाग गया। शोरशराबा पर गांव के लोग आ गए। थोड़ी देर बाद कलियान उठा और चारपाई पर लेट गया। करीब दो घंटे पर कलियान के सीने में दर्द उठा और जमीन पर गिरते ही मौत हो गई।
सीओ सुरेंद्र तिवारी और एसओ अंगद सिंह ने जांच-पड़ताल की। पिता लल्ला बाबू ने पुत्र ओमपाल उर्फ नन्हें के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ अंगद सिंह ने बताया कि शराब के नशे में खाना खाते समय दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। उसी दौरान एक भाई ने दूसरे भाई के लाठी मार दी। चोट से उसकी मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। आरोपी भाई भागा हुआ है, उसको जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।