गंाव लुधैइया में दबंगों ने शादी समारोह में पहुंचकर मनचाहा गाना बजाने व डांस करने की जिद की। ऐसा न करने पर बारातियों व जनातियों को लाठीडंडों से पीटकर घायल कर दिया। इससे गांव में तनाव फैल गया। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। लुधैइया निवासी अनवर की पुत्री रेशमा का निकाह कासगंज गांव मझोला दरियावगंज निवासी रियासत के पुत्र आशू के साथ तय हुआ था। रविवार को बारात आई थी। शाम 5 बजे बारात चढ़ रही थी।
बाराती बैंड की घुनों पर डांस कर रहे थे। तभी गांव के कुछ दबंग युवक पहुंचे और पसंद का गाना बजाने की बात कहने लगे। इस पर वहां मौजूद लड़की पक्ष व बारातियों ने आपत्ति की तो पक्षों में कहासुनी होने लगी। इसी दबंगों ने लड़की पक्ष व बारातियों पर लाठी डंडों व ईंट पत्थर से हमला कर दिया।
इससे भगदड़ मच गई। मारपीट में लालू पुत्र अनवर, आस मोहम्मद पुत्र विसराइल, जावेद, आमिर सहित छह लोग घायल हो गए। मारपीट से बचने के लिए लोग इघर उधर भागने लगे। अफरातफरी का माहौल हो गया। विवाह स्थल पर सन्नाटा छा गया। घटना की सूचना पर सीओ नरेश कुमार, कोतवाल दधिबल तिवारी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घायलाें को सीएचसी में भर्ती कराया। तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने लड़की व लड़का पक्ष को बुलाकर अपनी मौजूदगी में विवाह की रस्में पूरी कराईं। कोतवाल दधिबल तिवारी ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
घटना के संबंध में तहरीर नहीं मिली है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दबंग भाग निकले हैं। जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर कुछ राजनेता दबंगों की ओर से पैरवी करने पहुंच गए। नेताओं के दखल के बाद दोनों पक्षों में ले-देकर समझौता कराने का प्रयास भी चल रहा है।