दि फर्रुखाबाद डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक की कंपिल शाखा में चोरों ने
ताले तोड़ डाले। बैंक में कैश न होने के चलते चोरों को खाली हाथ लौटना
पड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर बैंक प्रबंधक मौके पर आए। उन्होंने थाने
में तहरीर दी है। फिलहाल मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
कस्बा
स्थित सहकारी संघ समिति के पास ही दि फर्रुखाबाद डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव
बैंक की कंपिल शाखा है। शुक्रवार रात चोर बैंक के चैनल और शटर के ताले तोड़
कर अंदर घुस गए। चोरों ने पूरा बैंक खंगाल डाला, कुछ न मिलने पर चोर कैश
काउंटर की खिड़की की जाली तोड़ कर केबिन में घुस गए। उन्हें यहां भी कुछ
नहीं मिला। शनिवार सुबह सफाई कर्मी सुनीता देवी सहकारी संघ की सफाई करने आई
तो उसने बैंक के ताले टूटे देखे। सुनीता ने पति विनोद कुमार को जानकारी
दी।
विनोद ने आसपास के दुकानदारों को सूचना दी। इसके बाद सहकारी संघ के
सचिव शिवपाल सिंह यादव को सूचना दी गई। सचिव की सूचना पर कसबा इंचार्ज
उत्तम कुमार मौर्य मौके पर आए। जानकारी मिलने पर प्रबंधक वीरेंद्र सिंह भी आ
गए। वे बैंक के अंदर पहुंचे तो चार अलमारियों के लॉकर टूटे और अभिलेख
बिखरे पड़े थे। प्रबंधक ने बताया कि कैश बैंक में नहीं रखा जाता है। रोज के
रोज बैंक का कैश थाने में लगाए गए लॉकर में जमा कर दिया जाता है। शुक्रवार
को भी करीब
4.52 लाख रुपया थाने के लॉकर में जमा कर दिया था। उन्होंने
बताया कि बैंक के लॉकर से सुबह कैश निकाल लिया जाता है और लेनदेन के बाद
शाम को बचा हुआ कैश जमा कर दिया जाता है। प्रबंधक ने बताया कि कोई अभिलेख
भी चोरी नहीं हुआ है। घटना की जानकारी पर जीएम सुनील श्रीवास्तव ने बैंक का
निरीक्षण किया और प्रबंधक से घटना की जानकारी ली। प्रबंधक की तहरीर के
बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उधर, सहकारी संघ के सचिव शिवपाल
सिंह यादव ने बताया कि उनके कार्यालय के ताले भी तोड़ने की कोशिश की गई थी।
मकान की कुंडी खोल हजारों की चोरी
मकान की कुंडी खोल कर चोर नगदी चोरी कर ले गए। थाना मऊदरवाजा इलाके के
मोहल्ला हाता मिंडू खां निवासी वृद्धा श्रावती पत्नी प्रभुदयाल छत पर सो
रही थी। रात को चोर मेन गेट की कुंडी खोल कर घर के अंदर घुस गए। चोरों ने
मकान के अंदर रखे तख्त के नीचे रखा बक्सा उठा लिया। यह गोलक को चुरा ले गए।
इसके साथ ही वह अटैची में रखी नगदी भी
चुरा ले गए। सुबह जब वृद्धा सोकर
उठी तो उसे चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
श्रावती ने बताया कि चोर करीब 15 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए।