फतेहगढ़ व शमशाबाद में चोरों ने चार दुकानों के तालों को तोड़कर चोर हजारों का माल और नगदी चोरी कर ले गए। पब्लिक स्कूल के कंप्यूटर कक्ष से चोरी का प्रयास किया गया। चोरी की लगातार हो रही वारदातों से साफ जाहिर हो रहा है कि पुलिस चुनाव में व्यस्त और चोर चोरी में मस्त हैं। फतेहगढ़ में तहरीर के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला भोलेपुर गोदनवाली गली निवासी वीरेंद्र गुप्ता की मोहल्ले में ही परचून की दुकान है। सोमवार की रात चोर दुकान के तालों को तोड़ दिया और अंदर से नगदी और परचून का सामान चोरी कर ले गए। इसी मोहल्ले के ही अशोक कुमार की जरनल स्टोर की दुकान है।
सोमवार रात चोराें ने दुकान के तालों को तोड़ कर दुकान से नगदी और सामान चोरी कर लिया। मंगलवार की सुबह जब दुकानदार अपनी अपनी दुकानों को खोलने के लिए पहुंचे तो इसकी जानकारी हुई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। एक ही रात में दो दुकानों में चोरी की वारदात होने से लोगों में आक्रोश है।
लोगों का कहना है कि पुलिस रात में गश्त नहीं कर रही है। जिस कारण चोरी की घटनाएं हो रही है। वीरेंद्र गुप्ता ने बताया उनके यहां से 11 हजार नगद और 27 हजार का सामान चोरी हुआ है। वहीं अशोक ने बताया कि चोर उनके यहां से दो हजार रुपये नगद और 10 हजार का सामान चोरी कर ले गए।
वहीं शमसाबाद प्रतिनिधि के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी आनंद कुमार की गांव के बाहर सड़क पर परचून का खोखा है। चोर सोमवार की रात खोखा का ताला तोड़ कर अंदर से गोलक और सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने पास के ही गन्ने के खेत में गोलक को तोड़ कर उसमें से नगदी निकाल ली।
इसके साथ ही कुछ दूरी पर बाबू महेशचंद्र गंगवार का बीएमएस पब्लिक स्कूल है। चोर रात को स्कूल में घुस गए। यहां चोरों ने कंप्यूटर कक्ष का ताला तोड़ने का प्रयास किया। इसके अलावा चोरों ने मोहल्ला काजीटोला निवासी आमिर की गोदाम रोड पर परचून की दुकान है। सोमवार की रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ कर अंदर घुस गए।
यहां से चोर नगदी और सामान निकाल ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की। आनंद ने बताया कि चोर उनके यहां से 15 हजार रुपये नगद और 10 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। आमिर ने बताया कि चोर उनके यहां से छह हजार रुपये नगद और 20 हजार का सामान चोरी कर ले गए।
उधर, एसओ मोहित यादव ने बताया कि वह चुनाव ड्यूटी में लगे हैं। थाने में तहरीर दी गई होगी। इस बारे में उन्हे कोई जानकारी नहीं है।