बरेली से लापता हुए दो छात्रों की हत्या कर दी गई। एक छात्र का शव सीमावर्ती भुड़िया गांव के पास रामगंगा नदी से पुलिस ने बरामद कर लिया है। बरेली पुलिस छात्र की प्रेमिका के पिता व भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जनपद आंवला थाना सिंधौली गांव पलथापुर निवासी भूपेंद्र बरेली में एक कालेज का छात्र था। उसके जनपद शाहजहांपुर के कटरा निवासी युवती से प्रेम संबंध थे। 21 फरवरी को युवती के परिजन किसी शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इस दौरान युवती ने फोन कर भूपेंद्र को अपने घर बुला लिया। वह अपने दोस्त जनपद बरेली थाना फरीदपुर के कीरतपुर गांव निवासी धीरेंद्र को भी साथ ले गया। रात में युवती के परिजन अचानक घर पहुंच गए।
घर में युवकों को देख उनका पारा चढ़ गया। युवती के भाई व पिता ने मारपीट करते हुए भूपेंद्र व धीरेंद्र की गला घोंटकर हत्या कर दी। दूसरे दिन दोनों शव बोरे में किसी वाहन से लाकर रामगंगा में फेंक दिए। कई दिनों तक पता न चलने पर धीरेंद्र व भूपेंद्र के परिजनों ने बरेली के फरीदपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। सर्विलांस जांच में युवकों की आखिरी लोकेशन युवती के घर की मिली। पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में युवती के परिजन टूट गए और मामले का खुलासा कर दिया।
इस पर पुलिस ने शनिवार को रामगंगा पहुंचकर शवों की तलाश कराई। इसकी जानकारी राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की भी भीड़ लग गई। खोजबीन में भूपेंद्र का शव बोरे में मिल गया। जबकि उसके साथी धीरेंद्र का पता नहीं चल सका। पुलिस ने भूपेंद्र का शव पोस्टमार्टम के लिए शाहजहांपुर भेज दिया है।