लोकसभा चुनाव से पूर्व असलहों की तस्करी शुरू हो गई है। शनिवार रात सूचना पर पहुंची मऊदरवाजा थाना पुलिस व स्वाट टीम प्रभारी ने दो तस्करों को दबोच लिया। उनके कब्जे से कासगंज से बिक्री के लिए लाए गए देसी बंदूक, राइफल व 10 तमंचे बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी डॉ. अनिल मिश्र ने पत्रकारों को बताया कि शनिवार रात अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए विशेष अभियान में मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के हैवतपुर गढ़िया तिराहे के पास स्वाट टीम व मऊदरवाजा थाना पुलिस ने शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुर बैरागढ़ निवासी विमल व उसके भाई बादाम को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 315 बोर की देसी राइफल, आठ तमंचे, 12 बोर की देसी बंदूक, दो तमंचे व कारतूस बरामद हुए।
आरोपियों ने बताया कि चुनाव में शस्त्रों की मांग बढ़ जाती है। इससे वह लोग कासगंज के भरगैन से शस्त्र खरीदकर लाए थे। भरगैन में असलहे बनाने की कई घरों में फैक्ट्री है। आरोपियों ने कुछ शस्त्र कारोबारियों के नाम का भी खुलासा किया है। उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।