फर्रुखाबाद। रंजिश में लेखपाल के पुत्र को दोस्त ने गोली मारकर घायल कर दिया। आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेखपाल ने बेटे के दोस्त की बाइक को पुलिस को सौंप दिया और दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
शहर कोतवाली के मोहल्ला कादरीगेट निवासी लेखपाल अश्वनी सक्सेना सदर तहसील में तैनात हैं। शनिवार की रात लेखपाल अश्वनी पत्नी सुनीता और बेटे ऋषभ उर्फ पवन के साथ घर में लेटे थे।
इस दौरान पड़ोसी ऋषभ के दोस्त सुरेंद्र राजपूत की पत्नी उषा देवी लेखपाल के घर आई और दरवाजा खटखटाया। सुनीता और ऋषभ ने दरवाजा खोला। उषा ने लेखपाल की पत्नी को बताया कि शराब के नशे में पति उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।
बचा लो। पड़ोसी होने के कारण सुनीता ने उसे अंदर बुला लिया। पीछे से सुरेंद्र भी घर में घुस आए। यहां पर लेखपाल अश्वनी का सुरेंद्र से विवाद होने लगा। कहासुनी के दौरान ऋषभ ने बीच बचाव किया तो सुरेंद्र ने तमंचे से ऋषभ पर फायर झोंक दिया।
गोली ऋषभ के बाएं कांख में जा धंसी। गोली मारने के बाद सुरेंद्र मौके से भाग गया। आनन-फानन में ऋषभ को नाला मछरट्ठा स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। अश्वनी ने सुरेंद्र राजपूत और उसकी पत्नी उषा देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अश्वनी ने सुरेंद्र की बाइक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।