फर्रुखाबाद के केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ के सजायाफ्ता कैदी मेरठ का माफिया बदन सिंह उर्फ बद्दो गाजियाबाद न्यायालय पेशी के बाद लौटते समय मेरठ के एक होटल से गुरुवार शाम पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया।
सेंट्रल जेल से ही कार सवार गुर्गे उसकी रेकी कर रहे थे। इस मामले में छह पुलिस कर्मियों व माफिया के तीन गुर्गों के खिलाफ मेरठ में मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त कार कब्जे में ले ली गई। गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसपी ने पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
हत्या के मामले में सजायाफ्ता मेरठ के थाना टीपी नगर क्षेत्र के मोहल्ला बैरीपुरा निवासी माफिया बदन सिंह उर्फ बद्दो पंजाबी को प्रशासनिक आधार पर गत वर्ष सेंट्रल जेल भेजा गया था। बुधवार शाम उसे 16 वर्ष पुराने जालसाजी के मामले में पेशी के लिए गाजियाबाद न्यायालय सरकारी वाहन से ले जाया गया।
उसको लेकर चालक भूपेंद्र सिंह के अलावा दरोगा देशराज त्यागी, प्रधान आरक्षी संतोष कुमार, आरक्षी ओमवीर सिंह, राजकुमार व सुनील सिंह गए थे। गाजियाबाद में गुरुवार को पेशी के बाद वापस लाया जाना था लेकिन मौज-मस्ती व मोटी रकम के लालच में पुलिस कर्मी माफिया के इशारे पर उसे मेरठ लेकर चले गए।
वहां ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित होटल में रुके। सभी ने खूब मौज-मस्ती की। पुलिस कर्मी शराब पीने के बाद बेहोश होकर कई घंटे होटल में पड़े रहे। इस दौरान माफिया अपने गुर्गों के साथ रफूचक्कर हो गया। इसकी सूचना पर मेरठ पुलिस हरकत में आई।
छानबीन में पता चला कि बदन सिंह को सेंट्रल जेल से पेशी पर लाया जा रहा था तो उस सरकारी वाहन का पीछा माफिया डान के गुर्गे कार से कर रहे थे। इस कार में मेरठ के शहर कोतवाली के मोहल्ला शाह नथन निवासी एहतेशाम इलाही, थाना टीपी नगर के पंजाबीपुरा निवासी जवाहरलाल व जनपद एटा थाना जलेशर के गांव लोहचा निवासी शिशुपाल सवार थे।
अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में ब्रह्मपुरी थाना में कैदी, उसके तीन साथी व सुरक्षा ड्यूटी में गए चालक सहित 6 पुलिस कमियों के खिलाफ मुुकदमा दर्ज कराया गया है। इसी के बाद मेरठ पुलिस ने पीछा करने वाले कार सवार तीनों आरोपी, सुरक्षा में गए पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया।
उन्हें न्यायालय से जेल भेज दिया गया। एसपी ने इन पुलिस कर्मियों को निलंबित भी कर दिया है। कार कब्जे में लेकर सीज कर दी गई।
मेरठ के माफिया डान बदन सिंह उर्फ बद्दो का देश के बाहर भी कारोबार है। सूत्रों की मानें तो विदेश में स्थित होटल की देखरेख उसकी पत्नी करती है। इससे माफिया के विदेश जाने की आशंका जताई जा रही है।
कैदी की फरारी में तीन गुर्गों सहित 6 पुलिस कर्मी जेल गए
सेंट्रल जेल से ही की गई थी रैकी, कार कब्जे में
लापवाही में दरोगा समेत छह पुलिस कर्मी निलंबित