शिकोहाबाद। शादी का झांसा देकर भाई की साली से पहले नजदीकी बढ़ाई। जब शादी की बात चली तो इंकार कर दिया। बाद में दूसरी लड़की से शादी कर ली। लेकिन जब पीड़िता की पुलिस में नौकरी लग गई तो अब शादीशुदा युवक उस पर शादी करने का दबाव डाल रहा है। शादी न करने पर उसे तेजाब डालकर जलाने तथा दूसरे से शादी करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। इसमें युवक की पत्नी भी उसका सहयोग कर रही है। परेशान पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
मूल रूप से इटावा जिले के थाना क्षेत्र बसरेहर की रहने वाली युवती जो वर्तमान में एटा में पुलिस कांस्टेबिल के पद पर तैनात है। पीड़िता ने अपनी बहन के देवर रवीकांत निवासी बोझिया पर तेजाब डालकर जलाने तथा दूसरे युवक से शादी करने पर जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने बताया कि पहले युवक ने उससे शादी करने का झांसा देकर नजदीकी बढ़ाई जब उसने और परिजनों ने शादी के लिए दबाव बनाया तो शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद उसने दूसरी लड़की से शादी कर ली। इसी बीच पीड़िता की नौकरी पुलिस विभाग में कांस्टेबिल के पद पर लग गई।
आरोप है प्रतिदिन उसे फोन पर शादी करने के लिए कहता है। शादी न करने पर जान से मारने की धमकी देता है। उसके इस कार्य में उसकी पत्नी भी सहयोग कर रही है। जिससे पीड़िता अपनी मां के साथ रविवार को थाने पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि मामला रिश्तेदारी का है। दोनों पक्षों को बुलाकर मामला समझा बुझाकर शांत करा दिया जाएगा।