प्लाट दिखाने के बहाने बुलाकर 81 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने अदालत में याचिका दायर कर कन्नौज में तैनात सिपाही समेत चार लोगों के खिलाफ लूट कर परिवाद दर्ज कराया।
एटा जिले के थाना जैथरा के गांव धुमरी निवासी रामगोपाल गुप्ता ने कन्नौज जिले में तैनात सिपाही अनिल कुमार यादव व उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ अदालत में परिवाद दर्ज कराया है। इसमें कहा कि आरोपी सिपाही अनिल कुमार दयाल नगला थाना जैथरा एटा का रहने वाला है।
15 नवंबर 2018 को सुबह करीब नौ बजे सिपाही के मोबाइल से उसके फोन पर काल आई। आरोप लगाया कि सिपाही ने कहा कि प्लाट बिकाऊ है देखना है तो सेंट्रल जेल चौराहा के पास आ जाओ। वह अपने दोस्त के साथ सेंट्रल जेल चौराहा पर कार से पहुंचा। वहां सिपाही नहीं मिला तो उसको फोन किया। सिपाही ने मसेनी चौराहा पर बुलाया। वहां पहुंचने पर सिपाही बाइक से अपने एक साथी के साथ खड़ा था।
सिपाही ने कहा कि प्लाट गली में है, वहां पर कार नहीं जा सकती है। रामगोपाल गुप्ता सिपाही के साथ बाइक से प्लाट देखने चले गए। दीनदयाल बाग में एक स्थान पर ले गए। वहां पर पहले से दो लोग खड़े थे।
सभी लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उससे 81 हजार रुपये लूट लिए, जो प्लाट खरीदने के लिए एडवांस देने को लाए थे। आरोपी उसको पकड़कर ले जा रहे थे। तभी सिपाही के मोबाइल पर किसी का फोन आ गया, इसी बीच वह बाइक से उतर कर दीनदयाल बाग के अंदर एक गली में जाकर छिप गया। वहां से मसेनी चौराहा पर लौट कर आया।
सिपाही समेत चार के खिलाफ लूट का परिवाद दर्ज
प्लाट दिखाने के बहाने बुलाकर 81 हजार रुपये लूटे