नगर के मोहल्ला पृथ्वी दरवाजा निवासी तंबाकू उद्यमी के घर हुई लाखों की चोरी के मामले में नौकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने नौकर के परिजनों को हिरासत में लिया है उनसे पूछताछ की जा रही है।
मोहल्ला पृथ्वी दरवाजा निवासी प्रहलाद नारायण अग्रवाल के तंबाकू के अलावा कई व्यापार हैं। 8 जून को वह सुबह परिवार के साथ घूमने गए थे। घर की रखवाली के लिए नौकर धर्मेंद्र को छोड़ गए थे। उनकी गैरमौजूदगी में नौकर की साठगांठ से चोर घर से कमरों ताले तोड़कर वहां कीमती जेवर व नगदी चोरी कर ले गए। जब वह नौ जून की शाम को घर लौटे तो ताले टूटे पड़े थे। घर का नौकर भी गायब था।
उद्यमी का कहना था नगदी व कीमती जेवरों समेत करीब 50 लाख के माल की चोरी हुई है। चोरी में कितना माल गया है इसका पूरा आकलन परिवार के सभी लोगों के आने के बाद हो सकेगा। पुलिस ने प्रहलाद नारायण अग्रवाल की तहरीर पर नौकर धर्मेंद्र कोरी निवासी ट्रांसपोर्ट चौराहा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस ने चोरी गए माल की बरामदगी के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपी के परिवार व रिश्तेदार एक महिला सहित चार को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर जेपी शर्मा ने बताया मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। उसी से पूरे मामले का पर्दाफाश होगा।
उद्यमी के घर हुई चोरी में नौकर पर रिपोर्ट
एक महिला समेत चार से पूछताछ कर रही पुलिस