शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव रोशनाबाद निवासी अमरोहा के जिलाधिकारी के पैतृक खेत में खड़ी आलू की फसल बरबाद करने का बालू माफिया ने प्रयास किया है। सोमवार को जिलाधिकारी के पिता ने तहरीर दी है।
रोशनाबाद निवासी हेमंत द्विवेदी मौजूदा समय में अमरोहा के जिलाधिकारी हैं। उनके पिता सुरेंद्र नाथ द्विवेदी ने तीन बीघा खेत में आलू की फसल बोई है। रविवार को बालू माफिया ने उनके आलू के खेत में करीब दो ट्राली बालू डलवा दी। इससे आलू की फसल खराब हो गई। जानकारी मिलने पर सुरेंद्रनाथ द्विवेदी खेत पहुंचे तो बालू पड़ी देख दंग रह गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बालू माफिया उनकी फसल को बरबाद करना चाहते हैं। इसीलिए उनके खेत में बालू डाली है।
सोमवार को सुरेंद्र नाथ द्विवेदी ने थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। एसओ जयंती प्रसाद ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर बालू माफिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।