नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। गढ़िया गांव में जमीन की रंजिश में रविवार को दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं हमलावरों ने लाठियों से पीटकर दो लोगों को घायल कर दिया। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के ताऊ ने चार सगे भाइयों समेत छह लोगों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गढ़िया बबुरारा निवासी पुष्पेंद्र सिंह यादव (19) पुत्र बालिस्टर सिंह का गांव के ही यादव महासभा के अध्यक्ष हरीनंदन से जमीन की रंजिश चल रही है। पुष्पेंद्र के खेत के पास में ही हरीनंदन का खेत है। शनिवार की शाम पुष्पेंद्र ने अपने खेत की जुताई कराई थी।
जुताई के दौरान पुष्पेंद्र की मेढ़ कट गई थी। इसी को लेकर हरीनंदन और पुष्पेंद्र के बीच विवाद होने के साथ ही गालीगलौज हो गई थी। दोनों पक्षों के बीच काफी तनातनी का माहौल था। रविवार सुबह पुष्पेंद्र अपने चाचा राजीव सिंह, अजब सिंह के साथ खेत पर जा रहे थे। रास्ते में हरीनंदन और उसके अन्य भाइयों ने तीनों को घेर लिया। हमलावरों ने राजीव और अजब सिंह को लाठियों से पीटना शुरू कर दिया।
यह देखकर पुष्पेंद्र हमलावरों से भिड़ गया। उसी समय आरोपी ने पुष्पेंद्र के सीने में तमंचा लगा कर फायर कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। हत्या की सूचना मिलने पर एसओ रजनीश चौहान फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसओ ने घायलों को नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
यहां से दोनों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर एएसपी त्रिभुवन सिंह समेत अन्य फोर्स भी पहुंच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के ताऊ मुलायम सिंह यादव ने यादव महासभा के अध्यक्ष हरीनंदन, उसके भाई धर्मवीर, अंतराम, सतेंद्र कुमार के अलावा कर्मवीर, ओमवीर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
छावनी में तब्दील हुआ गांव
नवाबगंज। दिनदहाड़े युवक की हत्या की जानकारी पर एएसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ मोहम्मदाबाद हजारीलाल, नवाबगंज एसओ रजनीश चौहान, शमसाबाद एसओ रविंद्रनाथ यादव, मोहम्मदाबाद कोतवाल राजेश पाठक, राजेपुर एसओ सुशील पटेल समेत काफी पुलिस बल गांव पहुंच गया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में छापेमारी की। गांव के लोगों का कहना है कि आरोपियों के न मिलने पर पुलिस ने घरों में घुसकर तोड़फोड़ की है।
आरोपी का भाई घायल मिला
नवाबगंज। आरोपी हरीनंदन सिंह का भाई जितेंद्र कुमार घायल अवस्था में गांव अद्दूपुर में पड़ा था। घायल को देखकर इसकी जानकारी यूपी 100 को दी गई। सूचना पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां उसका डॉक्टर सुमित शाक्य ने इलाज किया। इसकी जानकारी होने पर एसओ रजनीश चौहान ने अस्पताल जाकर घटना की जानकारी ली।
एकलौता बेटे का शव देखकर मां बेहोश
नवाबगंज। बालिस्टर सिंह की 17 साल पहले मौत हो चुकी है। बालिस्टर सिंह के एक बेटा पुष्पेंद्र और एक बेटी रामादेवी है। पुष्पेंद्र की हत्या की जानकारी पाकर मां राधादेवी अचेत होकर गिर पड़ी। जैसे तैसे गांव की महिलाओं ने उसे उठाया।
-मृतक के ताऊ ने चार भाइयों समेत छह के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
-घटना की सूचना पाकर मौके पर एएसपी व थाने का फोर्स पहुंचा
अमर उजाला ब्यूरो