अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। खेत में फसल की रखवाली कर रहे युवक का बदमाशों ने अपहरण कर लिया। शोरशराबा पर खेतों में मौजूद लोगों ने जवाबी फायरिंग की। खुद को घिरता देखकर बदमाश युवक को छोड़कर भाग गए।
गांव नगला दमू निवासी रामवीर पुत्र जगदीश ने खेत में मक्का की फसल की है। शनिवार की रात वह जंगली जानवरों से फसल को बचाने के लिए रखवाली करने गया था। बदमाशों ने उसको पकड़ लिया। घसीट कर ले जाने का प्रयास करने लगे। युवक के शोर मचाने पर आसपास खेतों में फसल की रखवाली कर रहे किसान लाठी-डंडा लेकर शोरशराबा करते हुए रामवीर की खेत की ओर दौड़े।
यह देखकर बदमाश ने फायर किया तो जवाब में ग्रामीणों ने भी फायर झोंके। इस बीच रामवीर ने बदमाश को धक्का मार दिया और गांव की ओर भाग निकला। बदमाश भी दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करते हुए चले गए। जवाब में ग्रामीण भी फायरिंग करते रहे। जब दूसरी ओर से फायर होनी बंद हुई तब गांव के लोग खेत से घर चले आए। थानाध्यक्ष प्रमोद शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी देने थाने में कोई नहीं आया। तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-खुद को घिरता देख बदमाश युवक को छोड़कर भागे