अमर उजाला ब्यूरो
कायमगंज (फर्रुखाबाद)। सिनेटरी व्यापारी के घर शातिर चोरों ने हजारों की नगदी सहित 6.5 लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। फील्ड यूनिट टीम ने भी खोजबीन की।
नगर के पटवनगली रोड स्थित परमानंद बगीची के सामने सिनेटरी व्यापारी सौरभ उर्फ निशू सेठ की नीचे पाइप, टंकी आदि की दुकान है। इसके ऊपर मकान है। निशू तीन दिन पहले परिवार सहित अपनी रिश्तेदारी रामनगर नैनीताल गए थे। रविवार को आसपास के लोगों ने मुख्य गेट का ताला टूटा देखा तो उन्होंने परिवारीजनों को सूचना दी। इस पर उनके भाई रितेश सेठ, चाचा प्रदीप कुमार, सुनील सेठ मौके पर पहुंचे और यूपी 100 पुलिस बुलाई। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार व क्षेत्राधिकारी नरेश कुमार भी व्यापारी के घर पहुंचे।
घर में सेफ खुली व सामान बिखरा पड़ा था। फील्ड यूनिट टीम ने सेफ पर फिंगर प्रिंट लिए।
कपडे़ आदि को भी देखा। निशू का कहना है कि चोर 36 हजार की नकदी, सोने की दो चैन, दो पैंडल, एक जोड़ी बाली, दो मांग का टीका, दो अंगूठी, मंगलसूत्र, ओमपै ंडल, नथ, एक जोड़ी हाथों के कड़े, एक सोने की घड़ी, तीन जोड़ी पायल, तीस चांदी के सिक्के, चांदी के बर्तन, चार जोड़ी बिछिया, एक सिलेंडर आदि सामान ले गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि अज्ञात चोरो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-घर के लोग ताला बंदकर गए थे नैनीताल
-गेट का ताला टूटा देखकर हुई चोरी की जानकारी