फर्रुखाबाद (ब्यूरो)। सूदखोरों ने सब्जी लेने गए अधेड़ को रोककर 12 फीसदी मासिक की दर से ब्याज अदा करने की चेतावनी दी। ब्याज अदा न करने पर जानमाल की धमकी दी।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला गाडलाइन के रहने वाले कैलाश ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत दर्ज कराई कि 12 जुलाई को सब्जी मंडी फतेहगढ़ से सब्जी लेकर वापस घर जा रहा था। रास्ते में उसे अंधेरी बाग के रहने वाले सूदखोर दो युवकों ने रोक लिया। इन युवकों से उसने दो साल पहले पांच हजार रुपया उधार लिया था। रुपये की भरपाई वह पहले ही कर चुका है। इन लोगों ने अब 12 फीसदी के हिसाब से ब्याज मांगा। उसने देने से इनकार किया तो गालीगलौज कर जानमाल की धमकी दी। पुलिस कप्तान दयानंद मिश्र ने जांच कर मुकदमा लिखने के निर्देश दिए हैं।