मोहम्मदाबाद। पत्नी की हत्या कर युवक के खुद फांसी लगाकर जान देने के दूसरे दिन बुधवार को गांव नगला तबलदार में सन्नाटा पसरा रहा। महिला के मायके वाले अभी वहीं रुके रहे। मासूम पौत्र को देख दादी-बाबा बिलखते रहे।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला तबलदार निवासी राभजन यादव ने मंगलवार को अपनी पत्नी सुमन की कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी थी। इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी थी। घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी थी। पुलिस ने मंगलवार को ही पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए थे। दोनों का अंतिम संस्कार देर शाम पांचाल घाट पर कर दिया गया था।
सुमन के पिता कन्नौज के थाना तालग्राम के गांव नगला हिम्मत निवासी राजेंद्र सिंह यादव नगला तबलदार में रुके हैं। वह भी बेटी और दामाद की मौत के गम में बिलखते रहे। रामभजन का मासूम बेटा रिषभ कभी अपनी दादी तो कभी बाबा के पास गुमसुम बैठा नजर आया। कोतवाल दधिबल तिवारी ने बताया कि रामभजन के पिता उजवीर ने जो मुकदमा दर्ज कराया था। उसमें आरोपी रामभजन था। उसने भी आत्महत्या कर ली। इससे मुकदमे में एफआर लगा दी जाएगी।
दंपति की मौत के बाद गांव में पसरा सन्नाटा