बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के गुरुशरणम होटल व इंटरलॉकिंग ईंट प्लांट को ध्वस्त करने के आदेश सिटी मजिस्ट्रेट ने दिए हैं। एक सप्ताह में निर्माण स्वयं गिराने का मौका भी दिया। इसके बाद ध्वस्तीकरण पर आने वाला खर्च भी बसपा नेता से वसूला जाएगा। फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता इन दिनों मैनपुरी की जेल में बंद है।
दो भाई भी जिला बदर हैं। बसपा नेता का ठंडी सड़क स्थित गुरुशरणम होटल व इंटरलॉकिंग ईंट प्लांट है। सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने जांच के बाद दोनों भवन अवैध घोषित करते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश जारी कर दिया। जारी आदेश में कहा कि इंटरलॉकिंग प्लांट की भूमि कब्रिस्तान की है।
अनधिकृत भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कराने के संबंध में नोटिस दिया गया था। इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वहीं, गुरुशरणम होटल का निर्माण तालाब व सड़क की सुरक्षित भूमि पर कराया गया है। एक सप्ताह के अंदर निर्माण स्वयं न गिराने पर नगरपालिका की जेसीबी से ध्वस्त कराया जाएगा। ध्वस्तीकरण पर होने वाला खर्च राजस्व की तरह वसूला जाएगा।