फर्रुखाबाद। दहेज उत्पीड़न के मामले की शिकायत होने पर घात लगाए लोगों ने अधिवक्ता पर हमला कर दिया। रॉड से लहूलुहान अधिवक्ता को लोहिया अस्पताल से रेफर कर दिया गया। परिजन निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं।
राजेपुर थाने के गांव सीढ़े चकरपुर निवासी अधिवक्ता सुजीत कुमार ने तीन साल पहले रिश्तेदार की बेटी से दोस्त के बेटे का विवाह कराया था। दोनों पक्षों में दहेज को लेकर विवाद हो गया। इस पर बेटी पक्ष ने शाहजहांपुर महिला थाने में शिकायत कर दी। इसी बात पर दूसरे पक्ष के लोग रंजिश मानने लगे।
23 दिसंबर की शाम वह फतेहगढ़ से पांचाल घाट जा रहे थे, तो मसेनी गांव के पास दबंगों ने घेरकर हमला बोल दिया। रॉड, लाठी-डंडों से उनके सिर की हड्डी टूट गई। आरोपी जेब में रखी नकदी भी ले गए। हालत गंभीर होने पर परिजन लोहिया अस्पताल से निजी अस्पताल ले गए। वहां हालत में सुधार हो रहा है। पीड़ित ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।