राजेपुर। 33 वर्ष से फरार आरोपी की तलाश में पंजाब पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। आरोपी को वर्ष 1989 में मादक पदार्थ की खेप के साथ पुलिस ने पकड़ा था।
जनपद शाहजहांपुर कोतवाली जलालाबाद कस्बा निवासी उमेश कुमार मूल रूप से राजेपुर कस्बे का रहने वाला है। आठ अप्रैल 1989 को पंजाब प्रांत के जनपद बरनाला के थाना सहना पुलिस ने उमेश कुमार को 1.600 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 17 मई 1989 को उमेश कोर्ट से जमानत पर छूटकर बाहर आ गया।
इसके बाद वह कोर्ट में तारीख पर पेश नहीं हुआ। कोर्ट से वारंट जारी हो गए। 33 वर्ष से वारंट चले रहे हैं। शुक्रवार को सहना थाने के दरोगा जोगेंद्र सिंह सिपाहियों के साथ राजेपुर थाने पहुंचे। वहां स्थानीय पुलिस के साथ उमेश की तलाश में दबिश मारी, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद जोगेंद्र सिंह ने जलालाबाद पुलिस के सहयोग से वहां भी दबिश दी। उमेश के नहीं मिलने पर पुलिस वापस चली गई।