शमसाबाद थाने के गेट पर नारेबाजी करते संविदा कर्मी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
शमसाबाद। हजियांपुर उपकेंद्र के 10 एमवीए ट्रांसफार्मर से चार ड्रम तेल चोरी हो गया। उसके बंद होने से 50 गांवों में बिजली संकट है। एसएसओ और सहायक के खिलाफ तहरीर देने पर आउटसोर्स कर्मचारियों ने शमसाबाद थाने का घेराव कर तहरीर वापस लेने की मांग उठाई। थाना परिसर में हंगामा कर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
हजियांपुर विद्युत उपकेंद्र में 10 और पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर लगे हैं। 10 एमवीए ट्रांसफार्मर से हरसिंहपुर व मंझना फीडर से 50 गांवों को बिजली दी जाती है। गुरुवार रात 10 एमवीए ट्रांसफार्मर से चोरों ने चार ड्रम तेल चोरी कर लिया। रात तीन बजे एसएसओ जयचंद्र उपकेंद्र के कमरे से निकल कर परिसर का निरीक्षण करने गए।
उनको ट्रांसफार्मर के पास तेल फैला मिला। ट्रांसफार्मर को बंद कर देखा तो तेल कम था। इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी। शुक्रवार सुबह 10 बजे एक्सईएन कायमगंज खूबचंद्र. एसडीओ और जेई उपकेंद्र पर पहुंचे और निरीक्षण किया।
जेई जुनेद आलम ने उपकेंद्र पर तैनात एक एसएसओ और उसके सहायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शमसाबाद थाने में तहरीर दी। इसकी भनक लगने पर हजियांपुर, शमसाबाद व हुसैनपुर तराई उपकेंद्र पर तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों ने थाने का घेराव कर तहरीर वापस लेकर अज्ञात के खिलाफ देने की मांग की। विभागीय अधिकारियों की अनसुनी करने से नाराज आउटसोर्स कर्मियों ने थाने में हंगामा कर अधिकारियों के खिलाफ नारे लगाए।
जेई ने तहरीर वापस नहीं ली, वह एक्सईएन व एसडीओ के साथ थाने से चले गए। 10 एमवीए ट्रांसफार्मर बंद होने से मंझना और हरसिंहपुर फीडर के 50 गांवों में बिजली संकट है। जेई जुनेद आलम ने बताया कि पांच एमवीए ट्रांसफार्मर से दोनों फीडरों को जोड़कर शिफ्टवार बिजली दी जा रही है। तेल पड़ने के बाद ट्रांसफार्मर को चालू किया जाएगा।