याकूतगंज में शव लटका मिलने के बाद जानकारी करती पुलिस। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। साढ़ू के घर आए किसान का शव बाग में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। चचेरे भाई ने गांव के लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव नौधापुर निवासी किसान कश्मीर सिंह राजपूत (36) रक्षा बंधन पर पत्नी गुड्डी देवी व बेटे आजाद, आदर्श, बेटी जूली के साथ फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव याकूतगंज निवासी साढ़ू विजय के घर आए थे।
गुरुवार को कश्मीर घर में खाना खाने के बाद बाहर निकल गए। लगभग तीन बजे गांव के लोगों ने आम के बाग में कश्मीर के शव को शर्ट के फंदे से लटका देखा।
उसके पैर जमीन में छू रहे थे। जानकारी मिलने पर पत्नी गुड्डी व बच्चे वहां पहुंचे और दहाड़े मारकर रोने लगे।
चचेरे भाई लाखन ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से रक्षा बंधन वाले दिन कश्मीर का उसकी जगह में घूरा डालने को लेकर विवाद हो गया था।
उन लोगों ने कश्मीर को हत्या करने की धमकी दी थी। कश्मीर के खिलाफ राजपूताना पुलिस चौकी में दूसरे पक्ष ने प्रार्थना पत्र दिया था।
इससे भाई साढ़ू के घर आकर रह रहे थे। उन लोगों ने ही कश्मीर की फंदे पर लटका कर हत्या की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का भरोसा दिया।