कमालगंज। रेलवे ट्रैक पर छात्र का शव चार टुकड़ों में मिला। परिजनों ने गांव के ही दो भाइयों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम में छात्र की ट्रेन दुर्घटना में मौत होने की पुष्टि की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव खुदागंज निवासी बृजमोहन का 17 वर्षीय पुत्र सूरज गांव पहला स्थित कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था। वह सोमवार शाम को अचानक घर से चला गया।
तलाशने पर भी सूरज का पता नहीं चला। मंगलवार सुबह सूरज का शव रेलवे ट्रैक पर चार टुकड़ों में मिला। सूरज की शर्ट व चप्पल शव से काफी दूर पड़ी थी।
सूचना पर मां गुड्डी देवी, भाई शिवम, हरिओम, संजय, राम, कृष्ण व बहन पूनम मौके पर पहुंचे।
परिजन रो-रो कर बेहाल हो गए। भाई संजय ने बताया कि गांव के दो भाइयों ने सोमवार शाम को भाई सूरज के साथ अभद्रता की थी।
भाइयों ने मोबाइल पर कॉल करके बताया कि सूरज ने एक किशोरी को प्रेम पत्र दिया था। उन लोगों ने भाई की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। पुलिस आरोपी दोनों भाइयों को पकड़कर थाने ले आई। उनसे पूछताछ की जा रही है।