कमालगंज (फर्रुखाबाद)। तमंचा लगाकर घूमने की शिकायत पर हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने पहुंची पुलिस से उसके परिजन भिड़ गए। कुछ युवाओं के साथ पहुंची परिवार की महिलाओं ने पुलिस के सामने हंगामा शुरू कर दिया।
इस बीच आरोपी हिस्ट्रीशीटर मौके से भाग निकला। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी हिस्ट्रीशीटर की पत्नी तंजीम बेगम गांव की प्रधान हैं।
कस्बा प्रभारी जितेंद्र पटेल, दरोगा विमल यादव आदि पुलिस कर्मियों के साथ शुक्रवार को रेलवे तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी समय उन्हें सूचना मिली कि नगला दाऊद निवासी हिस्ट्रीशीटर व टॉप टेन अपराधी फिरोज उर्फ अन्ना तमंचा लगाकर गांव में घूम रहा है।
इस पर पुलिस गांव पहुंची और अन्ना से पूछताछ करने लगी। अन्ना पुलिस के साथ अभद्रता करने लगा। उसके परिवार की करीब 15 महिलाएं व युवक आए और पूछताछ के विरोध करने लगे।
सभी ने पुलिस को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। सभी मारपीट पर अमादा हो गए। इसी बीच अन्ना बेहोशी का नाटक करने लगा।
सभी लोग चिल्लाने लगे कि पुलिस वालों ने अन्ना को मार डाला। इसका फायदा उठाकर हिस्ट्रीशीटर फरार हो गया। दरोगा जितेंद्र पटेल ने फिरोज उर्फ अन्ना व 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।