फर्रुखाबाद। दो दिन पहले सराफ से हुई लूट में पुलिस अभी तक अंधेरे में हाथ पैर मार रही है। लुटेरों के काली पल्सर से आने के कारण काली बाइक वालों की मानों शामत आ गई है। पुलिस ने लुटेरों का सुराग लगाने के नाम पर लोगों को पकड़ने और छोड़ने का खेल शुरू कर दिया है।
मऊदरवाजा थाने के चिलसरा रोड पर शहर के मोहल्ला सुनार वाली गली निवासी सराफ रजत वर्मा पुत्र राजीव कुमार से सोमवार को लाखों रुपये के जेवर लूटे गए थे। इसमें काली पल्सर सवार अज्ञात बदमाशों पर मुकदमा दर्ज कराया गया था।
थाना पुलिस ने चिलसरा से शहर तक काली पल्सर अथवा किसी अन्य 250 सीसी की बाइक सवार युवाओं को पकड़ने का अभियान चलाया है। थाने के दरोगा मोहम्मद सद्दाम ने पुलिस बल के साथ मंगलवार रात करीब नौ बजे हैवतपुर गढ़िया स्थित कांशीराम कालोनी में छापा मारा।
यहां से दो काली बाइकों के मालिकों समेत एक युवक के दोस्त को भी हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस के एक नजदीकी व्यक्ति से संपर्क करके एक युवक को देर रात को छुड़वा लिया गया। हिरासत में बैठे दो युवकों से सुबह एसओजी ने पूछताछ की।
इसके अलावा तीन अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया था। इनको भी छोड़ दिया गया। अज्ञात में मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस ने काली बाइक सवार युवकों को पकड़ने और छोड़ने का काम शुरू कर दिया है। इससे काली बाइक वाले लोग घरों से निकलने से कतराने लगे हैं।