फर्रुखाबाद। खाना खाने ढाबे पर जा रहे दो जेई और ठेकेदार को दबंगों ने मसेनी-आवास विकास रोड पर तमंचा तानकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पीछे से कांच की बोतलें फेंककर मारीं, तो जेई लहूलुहान हो गए।
जल निगम में तैनात जेई अवध बिहारी पाठक अपने साथी जेई जितेंद्र कुमार और ठेकेदार शिवप्रताप के साथ गुरुवार रात नौ बजे रात नौ बजे आवास विकास स्थित घर से पांचाल घाट स्थित ढाबे के लिए निकले थे।
तीनों लोग कार से मसेनी चौराहे की तरफ जा रहे थे कि नारायण हास्पिटल के सामने एक ई-रिक्शा बीच सड़क पर ही रुक गया। कुछ देर बाद कार चला रहे जेई जितेंद्र ने रिक्शा हटाने को कहा, तो दो दबंग नीचे उतरे और कार की चाबी निकाल ली।
जब वे नीचे उतरे, तो दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने तमंचा निकाल लिया। तीनों लोग भागने लगे, तो उन्होंने पीछे से कांच की बोतल फेंककर मारीं। इससे जेई अवध बिहारी पाठक के हाथ और सिर में चोटें आईं।
कुछ चोटें ठेकेदार और दूसरे जेई के भी आई हैं। आसपास के लोगों को आता देख दबंग फरार हो गए। पीड़ित ने विभागीय लोगों को सूचना दी, तो देर रात कई जेई और अन्य कर्मचारी मसेनी चौराहे पहुंच गए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। जेई ने बताया कि उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी है। वह देर रात आवास विकास चौकी पहुंचे। चौकी प्रभारी विशेष कुमार ने बताया कि नारायण हास्पिटल उनके क्षेत्र में नहीं आता है।