फर्रुखाबाद। पड़ोस में आई एक बरात के लिए पत्तल, कुल्हड़ लेने दुकान पर गए एक युवक को कुछ लोगों ने पकड़कर रंजिशन पीटा। इसके बाद धारदार हथियार से गला रेत दिया। गंभीर हालत में उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से रेफर किया गया है।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव गुठिना निवासी जोधन सिंह का 28 वर्षीय पुत्र संदीप सोमवार को पड़ोस में आई बरात में काम करवा रहा था। शाम करीब साढ़े सात बजे वह कुछ दूरी पर एक दुकान से पत्तल, कुल्हड़ लेने गया। रास्ते में बैठे गांव के ही तीन लोगों ने उसे पकड़कर मारपीट शुरू कर दी।
दो लोगों ने उसे बंधक बना लिया और एक ने धारदार हथियार से गला रेत किया। इसी दौरान पड़ोसी युवक भी आ धमका, तो दबंग गंभीर हालत में संदीप को छोड़कर भाग गए। घटना की खबर लगते ही गांव के तमाम लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
आनन-फानन में परिजन संदीप को लेकर थाने पहुंचे। वहां से उसे देर रात लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया है। संदीप के भाई कौशलेंद्र ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है।
इसको लेकर सोमवार शाम जब संदीप पड़ोस में आई बरात के लिए पत्तल, कुल्हड़ लेने जा रहा था, तो उसे गांव के ही तीन लोगों ने पीछे से दबोच लिया और धारदार हथियार से गला रेत दिया। चाचा गिरंद ने बताया कि दबंग इससे पहले जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। इलाज कराने के बाद पुलिस को तहरीर देंगे।