संकिसा। सिपाही की पत्नी ने पति, ससुर सास समेत पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मेरापुर थाना क्षेेत्र के गांव गिलौंदा निवासी सुषमा देवी ने पति सिपाही रामशंकर, ससुर सोनपाल, सास रामबेटी, जेठ गुरदीप व अजयपाल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा कि वह गुरसहायगंज जिला कन्नौज की रहने वाली है। उसके पिता ने सात लाख रुपये खर्च कर शादी की थी।
तब पति की पुलिस में नौकरी नहीं लगी थी। पुलिस भर्ती के दौरान पिता ने पति को एक लाख रुपये दिया था। उसका पांच साल का एक पुत्र है। पति जिला फिरोजाबाद के रामगढ़ थाने में तैनात है। अब पति व ससुुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये दिलाने का दबाव बना रहे हैं।
बुधवार रात सोते समय पति व अन्य ससुरालीजनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मार कर दूसरी शादी करने की धमकी दी। एसओ मेरापुर आरके रावत ने बताया कि पति समेत पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच दरोगा सुहेल को दी गई है।