आवास विकास स्थित शराब की दुकान के ऊपर बने कमरे में जांच करते अधिकारी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। आवास विकास कालोनी में अंग्रेजी शराब का ठेका भाजपा नेता मीरा सिंह के नाम पर है। ठेके के ऊपर बने कमरे में मंगलवार दोपहर सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड ने छापा मारा। आबकारी निरीक्षक नीरज तिवारी व संजय गुप्ता के बुलाने पर पहुंचीं भाजपा नेता मीरा सिंह व उनके पुत्र राज सिंह ने कमरे का ताला खोला।
कमरे में कई ब्रांड की शराब की बोतलें और पव्वों की पेटियां मिलीं। कमरे के बाहर खाली पेटियां पड़ी थीं। आबकारी निरीक्षक ने पेटियों की गिनती करवाकर ठेके के स्टाक रजिस्टर को कब्जे में ले लिया और ठेका व कमरे को सील कर दिया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी राजेश प्रसाद ने बताया कि ठेकेदार को नोटिस दिया जाएगा। पुलिस का दावा था कि ऊपर के कमरे से प्रतिदिन शराब बेची जा रही है। इस पर आबकारी अधिकारी ने कहा स्टाक रजिस्टर से मिलान कराकर पत्रावली डीएम को भेजी जाएगी।