कंपिल। जनपद कासगंज के एक गांव निवासी युवक ने स्वयं को विद्युत निगम का कर्मचारी बताकर क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों से जालसाजी कर लाखों रुपये ठग लिए। ग्रामीणों को ठगी का पता लगने पर उसको दबोच लिया और पिटाई कर थाने ले आए। पीड़ित ग्रामीण ने शनिवार को शिकायत पत्र देते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव रुदायन निवासी अख्तर सईद खां ने बताया कि उनकी मुलाकात कुछ दिन पहले जनपद कासगंज थाना सिकंदरपुर वैश्य के गांव निवासी अवधेश सिंह चौहान से हुई। उसने खुद को विद्युत निगम का कर्मचारी बताया। उसने सबमर्सिबल के लिए बिजली कनेक्शन मुफ्त में कराने के लिए कहा तो वह राजी हो गए। उन्होंने उसकी बातों में आकर उसे एक लाख पचास हजार रुपये दे दिए। इसके बाद कई ग्रामीणों ने कनेक्शन के नाम पर रुपये दे दिए। जब लोगों को पता चला कि वह ठगी का शिकार हो गए तो उन्होंने उससे रुपसे वापस मांगे तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा। अचानक शुक्रवार बीती रात रुदायन गांव के निकट कुछ ग्रामीणों ने उसको दबोच लिया और पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। सभी ग्रामीणों ने थाने आकर आरोपित युवक के खिलाफ तहरीर दी। सभी के अनुसार उसने करीब बीस लाख रुपये की ठगी कर ली। थानाध्यक्ष देवेंद्र गंगवार ने बताया आरोपी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।