कमालगंज। प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह के निर्देश पर मैनपुरी के थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव नगला मठिया निवासी नीतू उर्फ मिथुन की पांच माह पूर्व हुई हत्या के खुलासे को फिर कवायद शुरू हुई। रविवार देर शाम शाहजहांपुर व फर्रुखाबाद के पुलिस अधीक्षक, दोनों जनपदों की स्वाट टीम, सर्विलांस टीम ने क्षेत्र के गांव गांधी नगर पहुंचकर मृतक के बहनोई के परिजनों से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों ने गांव के पास स्थित मजार व पेट्रोल पंप पर भी जांच पड़ताल की।
शाहजहांपुर जनपद के पुलिस अधीक्षक डॉ यश चिनप्पा, शाहजहांपुर स्वाट टीम प्रभारी क्रांतिवीर सिंह, शाहजहांपुर जिले के थाना मिर्जापुर थानाध्यक्ष के साथ फर्रुखाबाद के पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल मिश्रा, स्वाट टीम प्रभारी दिनेश गौतम, सर्विलांस टीम प्रभारी सुरेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदाबाद राकेश कुमार व कमालगंज थानाध्यक्ष अंगद सिंह की टीम रविवार शाम करीब 6.40 बजे मृतक नीतू उर्फ मिथुन के बहनोई राकेश के घर पहुंची। राकेश के साथ ही उसके छोटे भाई गोविंद व पत्नी सुमन से अकेले में पूछताछ की।
30 मिनट तक मकान की छत पर पूछताछ के बाद पुलिस अधिकारी टीम के साथ गांव के निकट स्थित मजार पर गए। जांच के बाद टीम रजीपुर के निकट स्थित एक पैट्रोल पंप पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि टीम नीतू हत्याकांड के खुलासे के लिए जांच करने आई है।