फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र की एक युवती ने युवक पर छेड़छाड़ के बाद दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। इसके बादपुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। कुछ ही देर में एक नेता थाने पहुंचे और उन्होंने समझौते का प्रयास शुरू कर दिया। युवती के परिजनों से बात करके उन्हें घर भेज दिया गया। अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। बावजूद इसके युवक को थाने में ही बैठा रखा है।
रविवार को एक युवती थाने पहुंची और उसने पड़ोस के ही युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। पुलिस ने अनसुनी कर दी। सोमवार को वह फिर पहुंची और युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। पहले दिन छेड़छाड़ और दूसरे दिन उसी युवती से दुष्कर्म होने के बाद पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। कुछ ही देर में एक क्षेत्रीय नेता भी थाने में कई लोगों के साथ पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से सेटिंग शुरू कर दी। युवती और उसके परिजनों से वार्ता की। कई घंटे समझाने के बाद युवती बिना तहरीर दिए ही घर चली गई।
अब सवाल है कि युवती से यदि रेप हुआ, तो पुलिस को तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करना चाहिए था। नहीं हुआ, तो फिर पुलिस युवक को दो दिन से थाने में क्यों बैठाए है। बहरहाल अब नेताजी और पुलिस युवती के परिजनों पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। थानाध्यक्ष मऊदरवाजा जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का लगता है। युवती उसके साथ जाना चाहती थी, मगर युवक ने मना कर दिया। तो युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगा दिया। हिरासत में इसलिए रखा है कि युवती का क्या पता, कब तहरीर दे दे।