कंपिल(फर्रुखाबाद)। सीएम हेल्पलाइन पर किशोर के खाना मांगने पर दरोगा व राजस्व कर्मियों ने गालीगलौज कर मारपीट कर दी। इससे आहत किशोर ने कमरा बंद कर आत्महत्या का प्रयास किया। मोहल्ले के लोगों ने दरवाजा तोड़कर किशोर को आत्महत्या करने से रोक लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के लोगों में रोष है। वहीं एसओ घटना की जानकारी से भी इनकार कर रहे हैं।
नगर पंचायत के मोहल्ला मांझगांव पश्चिम निवासी हृदेश कुमार अपने पुत्र दीपक कुमार(16) के साथ रह रहे हैं। इससे पूर्व वह अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करते थे। लॉकडाउन में कुछ दिन गुजारा करने के बाद जमा की धनराशि खर्च हो गई। इससे परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया। दीपक ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर खाने की मांग की। आनन फानन में शुक्रवार देर शाम को एक लेखपाल और एक थाने के दारोगा पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे। दीपक को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करने को लेकर जमकर हड़काया और गाली गलौज किया। इसका उसने विरोध किया। दारोगा आग बबूला हो गया और उसके एक तमाचा जड़ दिया। जेल भेजने की धमकी दी। इसी दौरान दीपक ने पुलिस की पिटाई से आहत होकर कमरे में बंद होकर आत्महत्या करने को हाथ की नस काटने का प्रयास किया। यह देख लेखपाल और दारोगा मौके से खिसक गए। पिता की चीखपुकार सुनकर मौके पर लोग पहुंचे उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को बचाया। इसके बाद युवक ने राजस्व कर्मियों व पुलिस द्वारा मारपीट करने की शिकायत पुन: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन न पर दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष देवेंद्र गंगवार ने बताया मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अब जानकारी हुई तो जांच कराएंगे।