कायमगंज। सदबाड़ा में कुछ दिन पहले हुए विवाद के चलते दो दबंग युवकों ने मंगलवार रात एक युवक के घर के बाहर हवाई फायर की। पुलिस ने दोनों युवकों को तमंचा, कारतूसों समेत पकड़ लिया।
मोहल्ला सदबाड़ा निवासी एक युवक से कुछ दिन पहले दो दबंग युवकों से विवाद हो गया था। इस पर मंगलवार रात दोनों युवक तमंचे से लैस होकर बाइक से मोहल्ले में उस युवक के दरवाजे पर पहुंच गए। वहां वह युवक सामने तो नहीं मिला। बाइक सवार दोनों युवकों ने गाली गलौज की और तमंचे से हवाई फायर कर दिया। रात के समय अचानक फायर की आवाज सुनकर लोग दहशत में आ गए। मोहल्ला सदबाड़ा का युवक चौकी पहुंच गया। उसने पुलिस को मामला बताया। कुछ देर बाद बाइक सवार युवक चौकी से होकर गुजरे। सदबाड़ा के युवक ने पुलिस को इशारा करते हुए बताया कि इन्हीं युवकों ने फायर किया था। एसआई अशोक कुमार ने बाइक सवार युवकों का पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में दोनों के पास एक-एक तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में एक ने अपना नाम अनमोल गंगवार निवासी ग्राम घसिया चिलौली व दूसरे ने शिवम श्रीवास्तव निवासी मोहल्ला सदबाड़ा बताया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कार्रवाई की है।