अधिकांश ब्लॉकों में देर से शुरू हुई मतगणना
फर्रुखाबाद। बढ़पुर ब्लॉक की कुल 59 ग्राम पंचायतों में से रविवार को 58 ग्राम पंचायतों की मतगणना शहर के क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में अव्यवस्थाओं के चलते एक घंटा 25 मिनट देर से सुबह 9.25 बजे शुरू हुई। जीत हार के रुझान दोपहर एक बजे से आना शुरू हुए। ब्लाक की सभी नौ न्याय पंचायतों के हिसाब से टेबल लगाई गईं। ग्राम पंचायतवार मतगणना की गई।
कोरोना निगेटिव रिपोर्ट देखकर एजेंट व प्रत्याशियों को मतगणना स्थल पर प्रवेश दिया। मतगणना टेबलों के आगे बल्लियां बांधकर बैरिकेडिंग की गई थी। एजेंट कोविड नियमों का दरकिनार कर यहां पर भीड़ लगाए रहे। हालांकि मौसम ने खूब साथ दिया। बादल होने से समर्थक खुले मैदान में जमीन पर बैठे रहे।
मतगणना स्थल पर बनाई गई कोविड हेल्प डेस्क पर पानी मिला सैनिटाइजर व्यवस्था की पोल खोलता रहा। पुलिस ने माइक से कई बार सभी लोगों से मास्क लगाने के लिए कहा। बिना मास्क लगाए लोगों को खदेड़ दिया गया। जिन प्रत्याशियों के एक से अधिक एजेंट मतगणना स्थल पर पहुंचे उन्हें पुलिस ने बाहर निकाल दिया।
चार बैरियर लगाकर रोके गए वाहन
मतगणना स्थल तक भीड़ न पहुंचे इसके लिए चार स्थानों पर बैरियर लगाकर पुलिस वाहनों को रोकती रही। शहर से आने वाले लोगों को पहले लालगेट, फिर रामबाग बैरियर पर पुलिस ने रोका। उनकी आईडी देखकर प्रवेश दिया गया। फतेहगढ़ से आने वालों को पहले आवास विकास तिराहे पर, फिर बढ़पुर देवी मंदिर के पास बैरियर पर पुलिस कर्मियों ने रोका।