संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। नगर पंचायत संकिसा बसंतपुर में बुधवार को हुई बोर्ड की बैठक का सभासदों ने बहिष्कार कर दिया। उन्होंने समितियाें का गठन न होने पर विकास कार्यों पर रोक लगाने की मांग की। ईओ को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
नगर पंचायत बोर्ड की बैठक के दौरान सभासदों ने विकास कार्यों को ब्योरा व बजट की जानकारी न मिलने पर विरोध किया। 15 में से 10 सभासदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी कल्पना बाजपेई से कहा कि वार्डों में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं चल रही है। सेटिंग के चलते सफाई कर्मियों को कार्यालय से वेतन भुगतान भी हो रहा है। सफाई कर्मियों पर सभासदों का अंकुश नहीं है।
सभासद सीमा दीक्षित, अतुल कुमार, नीलू यादव, सुमन राजपूत, अजीत कुमार, मोहिनी देवी आदि ने सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें आय-व्यय का ब्योरा देने, सफाई कर्मियों की संख्या व वेतन का विवरण, वाहनों का ब्योरा, रिबोर हैंडपंपों का विवरण, समितियों के गठन न हाेने तक कोई निर्माण कार्य न कराने की मांग की। ईओ कल्पना बाजपेई ने बताया कि सभासदों ने मांगों व समस्याओं के संबंध में ज्ञापन दिया है। इस पर विचार किया जाएगा।