फर्रुखाबाद। नाला निर्माण के विरोध में सभासद व एक युवक में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने तहरीर देकर आरोप लगाए हैं। पुलिस जांच कर कार्रवाई करने का बात कह रही है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवदिया में नाला निर्माण को लेकर सभासद व एक युवक में विवाद हो गया। शोर सुनकर दोनों पक्षों से लोग एकत्र हो गए। दोनों पक्षों में मारपीट होने से अफरातफरी मच गई। युवक के साथ पहुंचे लोगों ने कोतवाली में सभासद व उनके समर्थकों के खिलाफ मारपीट व छेड़छाड़ करने की तहरीर दी। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने लोगों को समझाया कि जो हुआ है वही लिखकर दो लेकिन युवक व उसके पक्ष के लोग नहीं माने। सभासद की पत्नी ने युवक व उसके साथियों के खिलाफ जाति सूचक गाली गलौज व मारपीट करने की तहरीर दी है। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में सीओ सिटी राजवीर सिंह को सूचना दी गई है। वह भी जांच करेंगे।