कोरोना संक्रमितों का एल-2 अस्पताल में इलाज शुरू
फर्रुखाबाद। कोरोना संक्रमित गंभीर मरीजों को अब जिले में ही तैयार एल-2 अस्पताल में इलाज मिलना शुरू हो गया है। आईसीयू में पांच वेंटीलेटर लगाए गए हैं। पहले दिन शनिवार को तीन मरीज भर्ती हुए।
फतेहगढ़ के पुराना जिला अस्पताल परिसर स्थित शहीद कौशलेंद्र सिंह चिकित्सालय में एल-2 अस्पताल बनाया गया है। 75 बेड के अस्पताल के लिए शासन से एक करोड़ 40 लाख रुपये बजट स्वीकृत है। शुक्रवार को उद्घाटन के दौरान कुछ कमियां रह गई थीं। इस संबंध में अमर उजाला ने अधूरी तैयारियों के बीच एल-2 अस्पताल का शुभारंभ शीर्षक से शनिवार के अंक समाचार प्रकाशित किया।
इसको जिलाधिकारी ने संज्ञान में लेकर स्वास्थ्य कर्मियों पर कड़ी नाराजगी जताई। डीएम के सख्त रुख पर शनिवार को अस्पताल में बने आईसीयू में पांच वेंटीलेटर लगाए गए। वहीं 8 बेड के वार्ड में आक्सीजन सुविधा चालू की गई। अस्पताल में 24 घंटे बिजली के लिए 26 लाख रुपये खरीदे गए 30 केवीए जेनरेटर से सप्लाई भी चालू कर दी गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सीएमओ डॉ. वंदना सिंह ने व्यवस्थाएं पूरी कराईं। अस्पताल में 20 ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था की गई है। आठ वेंटीलेटर व कार्डियक मॉनीटर समेत अन्य सुविधाएं की जा रहीं हैं।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि एल-2 अस्पताल में 10 वर्ष से नीचे और 60 वर्ष से ऊपर आयु के कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती किया जाएगा। अस्पताल में जो आधुनिक सुविधाएं मुहैया हो रही हैं, वह भविष्य में जनता को इलाज में सहयोगी साबित होंगी। एल-2 अस्पताल में और बेहतर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सीएमओ डा. वंदना सिंह ने बताया कि अस्पताल की व्यवस्थाएं पूरी करने के साथ पहले दिन तीन मरीज भर्ती किए गए हैं।