ऑक्सीजन न मिलने से गई कोरोना संक्रमित की जान
फर्रुखाबाद। जनपद में ऑक्सीजन के संकट से एक और युवक की जान चली गई। परिजनों के गिड़गिड़ाने के बावजूद सरकारी अस्पतालों में बेड नहीं मिल सका।
नवाबगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांधेमई के मजरा मिलकिया निवासी विनोद कुमार यादव (40) को सांस लेने में मंगलवार को दिक्कत हुई। इस पर रिश्तेेदार विकास व परिजन उसे लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां ऑक्सीजन न होने और बेड खाली न होने की बात कहकर भर्ती करने से मना कर दिया गया। फिर परिजन फतेहगढ़ स्थित एल-2 अस्पताल लेकर गए। वहां भर्ती मरीजों के लिए सीमित ऑक्सीजन होने की बात कहकर भर्ती नहीं किया गया।
परिजनों ने सीएमओ डॉ.वंदना सिंह को फोन किया तो उन्होंने कमालगंज सीएचसी स्थित एल-2 अस्पताल ले जाने की सलाह दी। कहा कि वहां ऑक्सीजन सिलिंडर पहुंचने वाले हैं। परिजन मरीज को लेकर वहां पहुंचे तो ऑक्सीजन न होने से भर्ती करने से इंकार कर दिया गया। सरकारी व्यवस्थाओं से हारकर परिजन मरीज को जनपद एटा स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच में कोरोना पॉजिटिव निकला।
जब तक इलाज शुरू हुआ तब तक काफी देर हो चुकी थी और विनोद की सांसें थम गईं। रोते बिलखते परिजन शव लेकर चले आए।
बता दें कि मंगलवार को प्रशासन ने डीलर के 84 सिलिंडर वेयर हाउस में रखवाए थे। इसके बाद भी मरीज ऑक्सीजन के अभाव में जिंदगी हार रहे हैं। सीएमओ डॉ. वंदना सिंह ने बताया कि ऑक्सीजन की उपलब्धता के अनुसार मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।