फर्रुखाबाद। मंगलवार को आई कोरोना जांच रिपोर्ट में 37 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें सात वृद्ध भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं जबकि दो रोगियों की मौत हो गई है। अब संक्रमित लोगों का आंकड़ा बढ़कर 10124 हो गया है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार वृद्ध सहित तीन संक्रमित मरीजों का जिले से बाहर इलाज चल रहा है। जबकि श्यामनगर निवासी वृद्ध सहित 6 लोग, टीला मसेनी निवासी दो महिला, लोहिया कैंप निवासी महिला स्वास्थ्य कर्मी, भोलेपुर निवासी वृद्धा सहित शहर व बढ़पुर क्षेत्र के 19 लोग कोरोना संक्रमित हो गए हैं।
इसके अलावा कायमगंज के पांच, कमालगंज, मोहम्मदाबाद, शमसाबाद व राजेपुर क्षेत्र के तीन-तीन, नवाबगंज क्षेत्र का एक युवक संक्रमित हो चुका है। जिले में अब तक 10124 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 9418 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। अब तक 151 मरीजों की कोरोना से जान जा चुकी है। जिले में 555 केस अभी भी एक्टिव हैं।