शहर के मोहल्ला सधवाड़ा में कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण करते सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य। संव
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शहर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसके बावजूद कंटेनमेंट जोन नहीं बनाए जा रहे हैं। पुलिस व नगरपालिका की लापरवाही से संक्रमण का फैलाव हो रहा है। गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने 32 मरीजों वाले कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण किया। वहां व्यवस्थाएं बेपटरी मिलीं।
शहर के मोहल्ला सधवाड़ा में 32 कोरोना संक्रमित होम आइसोलेट हैं। यहां बने कंटेनमेंट जोन का गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने पुलिस फोर्स के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान कोई गली सील नहीं मिली। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कंटेनमेंट जोन में लापरवाही से संक्रमण का फैलाव और इससे फिर लॉकडाउन की स्थिति बनना तय है।
इसके अलावा फतेहगढ़ के मोहल्ला हाथीखाना, भूसामंडी, गाड़ीखाना में 12-12 कोरोना संक्रमित मरीज होने के बावजूद कंटेनमेंट जोन नहीं बनाए गए। कई मोहल्लों में संक्रमित मरीज ही खुलेआम घूमकर संक्रमण फैला रहे हैं। उन पर कोई सख्ती करने वाला नहीं है। इससे संक्रमण पूरी तरह बेकाबू होने की आशंका बनी हुई है। हालांकि फाइलों में कंटेनमेंट जोन बनाए जा रहे हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि नगरपालिका व पुलिस को कंटेनमेंट जोन में सख्ती करने व व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।