फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) 2023 परीक्षा खत्म हो चुकी हैं। सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम से मूल्यांकन के लिए कापियां दूसरे जनपद भेज दी गईं। वहीं, दूसरे जनपदों की कापियों का आना शुरू हो गया है। सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तर पुस्तिकाओं को स्ट्रांग रूम में रखवाया गया। 15 मार्च तक उप प्रधान परीक्षक व परीक्षकों की सूची भी जनपद को प्राप्त हो जाएगी।
जनपद के 80 परीक्षा केंद्रों पर यूपी बोर्ड की परीक्षा संपन्न हुई थी। करीब 48 हजार से ज्यादा परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया था। कापियों को जीआईसी फतेहगढ़ में बने स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखवाया गया था। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 18 मार्च से मूल्यांकन शुरू करवाए जाने के आदेश दे रखे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि सोमवार को स्ट्रांग रूम से जनपद की कापियों को दो ट्रकों से अन्य जनपदों के लिए रवाना किया जा रहा था। वहीं, दूसरे जनपद की कापियां भी एक ट्रक में जीआईसी फतेहगढ़ पहुंच गई थीं, जिन्हें स्ट्रांग रूम में कड़ी निगरानी के बीच कर्मचारी रखवा रहे थे। परिषद से 15 मार्च तक उप प्रधान परीक्षक व परीक्षकों की सूची जनपद को प्राप्त होने की उम्मीद है। सूची मिलते ही इन्हें ऑनलाइन मूल्यांकन का प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा।