जीआईसी में पाकेट बुक से नकल करते परीक्षार्थी।
- फोटो : amarujala
सोमवार को जीआईसी में छूटे हुए परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा में जमकर अवैध वसूली हुई। परीक्षार्थियों को कापियां लिखने के लिए फाइलें, पॉकेट बुकें और लिखी हुई कापियां मुहैया कराई र्गइं।
डीएम व डीआईओएस आफिस से चंद कदमों की दूरी पर स्थित इस कॉलेज में नियमों का खुल्लमखुल्ला मखौल उड़ा। अब कार्रवाई के बजाय मामले की लीपापोती की कोशिशें की जा रही हैं।
सोमवार को जिले के कालेजों के छूटे हुए परीक्षार्थियों की रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान और जीव विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा थी। शमसाबाद क्षेत्र के गांव मंझना स्थित एक कालेज के छात्र व छात्रा ने बताया कि उससे तीनों विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए जीआईसी स्कूल प्रशासन ने सात सौ रुपये जमा कराए।
मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव राजेंद्र नगर स्थित एक कालेज के छात्रों का कहना है कि उनसे रासायन विज्ञान विषय केे प्रैक्टिकल के लिए जीआईसी में दो सौ रुपए वसूले गए।
परीक्षा के दौरान बनाए गए कक्ष में सोमवार को प्रयोगात्मक परीक्षा की कापियां लिखी जा रही थीं।
इस दौरान कहीं परीक्षार्थी पॉकेट बुक, विषय की प्रयोगात्मक फाइल और लिखी हुई कापियों से झुंड बनाकर नकल कर रहे थे। इलाहाबाद से आए परीक्षक प्रधानाचार्य कार्यालय में आराम फरमाते मिले। प्रभारी डीआईओएस एवं जीआईसी के प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम सिंह यादव ने कहा नकल कराए जाने की जानकारी हुई है।
विषय परीक्षकों से जवाब तलब किया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। अवैध वसूली की शिकायत यदि सही मिलती है तो इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।