संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। खेत से ट्रैक्टर से मिट्टी ला रहे बाढ़ पीड़ित से सिपाहियों ने प्रधान की मौजूदगी में 32 हजार रुपये वसूल कर शराब बोतल मांगी। पीड़ित का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऐसे में पुलिस की कारगुजारी पर प्रश्न चिन्ह लग रहे हैं।
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव रौकरी में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। गांव के निवासी महेश चंद्र के घर के पास भी पानी आ गया है। महेश सोमवार को अपने खेत से ट्रैक्टर ट्रॉली में मिट्टी लेकर घर के बाहर डालने के लिए आ रहा था। रास्ते में चौकी सिवारा के सिपाही फूल सिंह व गोविंद व दो सिपाही बिना वर्दी के आए। इन लोगों ने ट्रैक्टर ट्रॉली रोक ली। चौकी की ओर ले जाने लगे। महेश ने बताया कि वह कहीं और से नहीं अपने खेत से मिट्टी लाए हैं। महेश के साथ मौजूद भाई मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। इस पर एक सिपाही ने भाई रामकिशोर से मारपीट कर मोबाइल तोड़ दिया। ट्रैक्टर ट्रॉली को बुढि़या पुल पर लेकर गए।
सूचना पर गांव के प्रधान उपेंद्र सिंह गौतम भी वहां पहुंच गए। सिपाहियों ने ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़ने के नाम पर पचास हजार रुपये की मांग की। 35 हजार रुपये में बात तय हो गई। सिपाहियों ने 32 हजार रुपये ले लिया। बाकी तीन हजार रुपये की शराब की बोतल मंगलवार तक पहुंचाने की बात कही। पीड़ित का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित महेश चंद्र ने इस मामले में सिपाहियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। एसओ अशोक कुमार ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।