मोहम्मदाबाद। रोडवेज की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। आक्रोशित भीड़ ने बस चालक को पकड़ लिया और मारपीट करने के बाद 21 सौ रुपये छीन लिए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला बाग रठौरा निवासी ऋषभ (16) शनिवार को दोस्त अभिषेक के साथ बाइक से अलवालपुर होते हुए मोहम्मदाबाद की ओर जा रहा था। फर्रुखाबाद डिपो की बस के चालक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। बाइक पर पीछे बैठा ऋषभ गंभीर रूप से घायल हो गया। अभिषेक के मामूली चोटे आई है। गांव के लोगों ने बस को घेर लिया और मानस राज दीक्षित से मारपीट कर दी। मानस राज ने आरोप लगाया कि गांव के लोगों ने मारपीट के दौरान उसकी जेब से 2100 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। कोतवाल अमर पाल सिंह ने बताया कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।